झमाझम बारिश से नगर पंचायत में जलभराव, घरों-दुकानों में घुसा पानी

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बुधवार शाम हुई तेज़ झमाझम बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं नगर पंचायत के कई मोहल्लों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। नगर के लोहिया नगर वार्ड के जल जमाव वाले इलाके में बारिश का पानी सड़कों पर भरने के साथ ही कई घरों और दुकानों में भी घुस गया। बैंक और एटीएम के आसपास भी पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नगर पंचायत में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान हर बार कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। लोगों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद पानी की समुचित निकासी नहीं हो पा रही है। लोहिया नगर वार्ड निवासी आशीष निषाद, महेश गुप्ता समेत अन्य लोगों ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। सड़क पर पानी भरने के साथ कई लोगों के घरों और दुकानों में भी बारिश का पानी पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।
वहीं, बारिश से धान के खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से किसानों में खुशी है। किसानों को उम्मीद है कि बारिश से धान समेत अन्य फसलों को लाभ मिलेगा। एक ओर अन्नदाताओं के चेहरे पर बारिश ने मुस्कान ला दी, तो दूसरी ओर नगर पंचायत में जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *