पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिक्षा क्षेत्र पवई के इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल गुमकोठी में मंगलवार को मिड-डे मील के भोजन में छिपकली निकलने से हड़कंप मच गया। दाल में छिपकली देखकर बच्चों ने खाना खाने से इनकार कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर अभिभावकों में रोष फैल गया और उन्होंने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों से नाराजगी जताई।
सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, सभी बच्चे स्वस्थ हैं। विद्यालय में कुल 104 बच्चों का नामांकन है, जिनमें से घटना के दिन 50 बच्चे उपस्थित थे। विद्यालय में चार शिक्षक, एक शिक्षामित्र और दो रसोइयां कार्यरत हैं। मंगलवार को दोपहर के भोजन में बच्चों के लिए दाल-चावल बनाया गया था। भोजन परोसते समय दाल में छिपकली दिखाई दी, जिसके बाद बच्चों ने खाना खाने से मना कर दिया। विद्यालय के स्टाफ को जानकारी होते ही भोजन बाहर फेंकवा दिया गया। इसके बाद शिक्षकों ने बच्चों के घर जाकर अभिभावकों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अभिभावक विद्यालय पहुंचे और इस तरह की लापरवाही को लेकर शिक्षकों से सवाल-जवाब करने लगे। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को भी घटना से अवगत कराया।
ग्राम प्रधान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई के अधीक्षक डॉ. जावेद को घटना की सूचना दी। अधीक्षक के निर्देश पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें सभी बच्चे स्वस्थ पाए गए।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आरती यादव ने बताया कि भोजन निकालते समय ही दाल में छिपकली होने की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद तत्काल भोजन फेंकवा दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी पवई संतोष कुमार सिंह ने कहा कि कीड़े कहीं भी चले जाते हैं। जांच के बाद रसोइयों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-नरसिंह