शोषितों-वंचितों के हक की लड़ाई और तेज करेगी सुभासपा

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुभासपा का 24वां स्थापना दिवस मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र अतरौलिया के भिउरा स्थित पार्टी कार्यालय पर धूमधाम से मनाया गया। राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अरुण राजभर ने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटा और मिठाई बांटकर शुभकामनाएं दीं।
अरुण राजभर ने कहा कि सुभासपा शोषितों, वंचितों, पिछड़ों और दलितों के अधिकारों एवं आत्मसम्मान की लड़ाई लड़ने वाला मंच है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महज 287 वोटों से शुरू हुआ पार्टी का सफर आज छह विधायकों और सरकार में मंत्री पद तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने जातिवार जनगणना, आर्थिक आधार पर आरक्षण और समाज के कमजोर वर्गों को उनका हक दिलाने के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। अरुण राजभर ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी समान शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आबादी के अनुपात में अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही आगामी 29 नवंबर को होने वाली सामाजिक समरसता महारैली को सफल बनाने का आह्वान किया। क्षेत्र के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने 109 नई सड़कों के निर्माण, 82 सड़कों के नवीनीकरण तथा गांवों में नाली निर्माण और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अहरौला-कप्तानगंज मार्ग के लिए 58 करोड़ और नरियावं-सिकंदरपुर मार्ग के लिए 13 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाई गई है। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *