पागल कुत्ते के आतंक से ग्रामीण परेशान

शेयर करे

ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र में पागल कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों और बाजारवासियों में दहशत का माहौल है। बरदह, जिवली और गौरा बाजार क्षेत्र में बुधवार सुबह से पागल कुत्ते ने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के काटने के बाद 15 लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह पहुंचे, जहां सभी को एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया।
सीएचसी बरदह के अधीक्षक डॉ. सोमेश रंजन मिश्रा ने बताया कि बुधवार सुबह से कुत्ते के काटने के 15 मरीज अस्पताल पहुंचे। सभी को आवश्यक उपचार के साथ एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बाजारवासियों के अनुसार पागल कुत्ता लगातार बाजार और आसपास के गांवों में घूम रहा है। भीड़ में खड़े लोगों के पीछे से अचानक पहुंचकर कुत्ता काटने के बाद भाग जा रहा है। इससे बाजार में अफरा-तफरी और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी है। कुत्ते की तलाश की जा रही है।
कुत्ते के हमले में पप्पू, यासीन, भवसागर, राजकुमार, रिया, रामपत, अंकित, अशोक, प्रेमचंद, शिवलाल, सुभावती, सचिन, आदित्य, विशेष, सिद्धू समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। बाजारवासियों ने प्रशासन से पागल कुत्ते को जल्द पकड़वाकर लोगों को उसके आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
रिपोर्ट-एमके राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *