वोटर लिस्ट की त्रुटियों पर एसडीएम सख्त दिये सुधार के निर्देश

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर तहसील के सभागार में सोमवार को मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को दूर करने के लिए उपजिलाधिकारी निकेत वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीएलओ और सुपरवाइजर को मतदाता सूची में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-8 भरने व पात्र मतदातोओ के फॉर्म-6 भरने के सख्त निर्देश दिए गए।

उपजिलाधिकारी निकेत वर्मा ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि तक नियमानुसार नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया जारी रहेगी। इस दौरान मतदाताओं के विवरण में पाई जाने वाली त्रुटियों को दूर करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने बीएलओ और सुपरवाइजर को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र की मतदाता सूची की जांच करें और त्रुटियां मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुधार सुनिश्चित करें, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में तहसीलदार गौरव कुमार, नायब तहसीलदार राजाराम, फूलपुर के खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज, पवई के खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार सहित रणधीर चौहान, गौरव कुमार और अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *