लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर मेहनाजपुर क्षेत्र में आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। माँ सिद्धेश्वरी धाम मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मेला स्थलों पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिन चढ़ने के साथ और तेज होता गया। मंदिरों में दर्शन-पूजन, धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा।
मेहनाजपुर स्थित माँ सिद्धेश्वरी धाम में शरद पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग माता के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में मेले को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन ने क्षेत्र की पुरानी परंपरा और लोगों की अटूट श्रद्धा को एक बार फिर प्रदर्शित किया। स्थानीय लोगों के लिए यह मेला पूजा-पाठ के साथ ही सामाजिक मेल-मिलाप और आपसी सद्भाव का भी महत्वपूर्ण अवसर बना।
इस मौके पर जयेश विक्रम सिंह, समाजसेवी संजय सिंह, पप्पू सिंह, शशि प्रकाश सिंह उर्फ मंटू सिंह, अमर सिंह और गणेश मद्धेशिया आदि उपस्थित रहे।
इनसेट–
भरत मिलाप रहा आकर्षण का केंद्र
लालगंज (आजमगढ़)। इटैली बाजार में राहुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित मेले में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। यहां राम-लक्ष्मण-भरत मिलाप कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र बना। इस धार्मिक परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक जुटे। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत की गईं आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।
इनसेट–
लालगंज (आजमगढ़)। जियापुर में ब्रजेश सिंह उर्फ गुड्डू की अध्यक्षता में मेले का आयोजन किया गया। लोगों ने मेले में पहुंचकर पारंपरिक आयोजन का आनंद लिया। ग्रामीण परिवेश में आयोजित इस मेले ने क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और आपसी सहयोग की परंपरा को मजबूती प्रदान की।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद