बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मंदिर परिसर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर महंत गिरजा शंकर सोमवार को अचानक सरैया स्थित पौहारी बाबा मंदिर परिसर में पहुंचकर उन्होंने पूरे परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया।
महंत ने परिसर में बने पक्षी रैन बसेरे का गहन निरीक्षण किया। इसके साथ ही क्षेत्रीय विधायक द्वारा लगवाए गए जिम की व्यवस्थाओं को भी देखा। मंदिर परिसर में लगे पेड़-पौधों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने परिसर की हरियाली और सुंदरता को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रत्येक सोमवार को पौहारी बाबा मंदिर परिसर में लगने वाले मेले में दुकानदारों की जिम्मेदारी तय करते हुए महंत ने स्पष्ट अपील की कि दुकान लगाने के साथ-साथ सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाए। मेला समाप्त होने के बाद दुकानदार अपने आसपास फैले कूड़े-कचरे को हटाएं और परिसर को साफ-सुथरा छोड़कर जाएं। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में गंदगी फैलाना उचित नहीं है। श्रद्धालु आस्था के साथ यहां पहुंचते हैं, इसलिए परिसर का स्वच्छ रहना बेहद जरूरी है। महंत गिरजा शंकर जी ने संदेश दिया कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था और पहचान का केंद्र है। इसकी सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखना किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह