लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेंहनगर थाना क्षेत्र के चिरैयाकोट-खरिहानी मार्ग पर कोटवारी गांव के पास मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बोंगरिया निवासी विवेकानंद यादव 28 वर्ष पुत्र श्याम नारायण उर्फ शामा यादव बाइक से खरिहानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तरवां थाना क्षेत्र के बिशुनपुर निवासी ऋषभ पुत्र आत्मा, देवगांव निवासी रोहित मौर्य पुत्र मुन्ना और अनिल गौड़ एक ही दोपहिया वाहन पर सवार होकर जा रहे थे। कोटवारी गांव के पास पुल से पहले शाम को दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में विवेकानंद यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तरवां थाना क्षेत्र की बोंगरिया चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। बाद में मेंहनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद