लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रोहुआ मुस्तफाबाद स्थित ईशान पब्लिक स्कूल में बुधवार को गंभीरपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साइबर प्रभारी विपिन द्विवेदी एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
साइबर प्रभारी विपिन द्विवेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई का उपयोग करने वाले लोगों को समय-समय पर अपना पिन बदलते रहना चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि यदि कोई व्यक्ति बैंक अधिकारी बनकर फोन करे और ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी मांगे, तो किसी भी परिस्थिति में ऐसी जानकारी साझा न करें।
उन्होंने बताया कि साइबर ठग विभिन्न तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से धनराशि निकाल लेते हैं। इसलिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक, संदेश या तथाकथित डिजिटल अरेस्ट जैसे झांसे पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
विपिन द्विवेदी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है, तो वह बिना देर किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका साइबर टीम ने विस्तार पूर्वक उत्तर दिया। इस अवसर पर कांस्टेबल हैदर अली, महिला कांस्टेबल अमीषा पटेल तथा आकांक्षा सिंह सहित साइबर टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद