जीडी ग्लोबल स्कूल में हर्षाेल्लास एवं रचनात्मकता के साथ मनाया गया दीपावली उत्सव

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। करतारपुर बाईपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा उत्साह, उमंग एवं रचनात्मकता से परिपूर्ण विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर दीपावली की पारंपरिक छटा, आकर्षक रंगोलियों, मनमोहक सजावट और उत्सवी उल्लास से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न रंगों एवं आकृतियों से सुंदर और आकर्षक रंगोलियाँ बनाईं। रंगोलियों के माध्यम से दीपावली के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संदेशों को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं, सामूहिक सहयोग और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़ने का अवसर मिला। कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल, प्रबंधक गौरव अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली भुस्कुटे की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के परिचायक हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सृजनात्मकता और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं। प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और खुशियाँ बाँटने का संदेश देने वाला त्योहार है।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *