लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर गुरुवार की सुबह करीब साढ़े 6 बजे दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के 76 वर्षीय मो. फारुख पुत्र सहदुल्लाह पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें घायल अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुजफ्फरपुर गांव निवासी इश्तियाक पुत्र स्व. मो. अयूब, दिलजहां पत्नी इश्तियाक तथा मो. आतिफ पुत्र इश्तियाक ने जमीन के बंटवारे को लेकर मो. फारुख के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे फारुख के सिर और गले पर गंभीर चोटें आई है। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित मो. फारुख की लिखित तहरीर पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। गंभीरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित इश्तियाक पुत्र स्व. मो. अयूब, दिलजहां पत्नी इश्तियाक और मो. आतिफ पुत्र इश्तियाक निवासी मुजफ्फरपुर थाना गंभीरपुर को उनके घर से दोपहर करीब सवा एक बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों का चालान कर उन्हें जेल भेज दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद