पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर पालिका परिषद बिलरियागंज के शिवनगर स्थित पत्रकार पुरम में आने-जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर लंबे समय से पानी जमा होने के कारण जहां आवागमन मुश्किल हो गया है, वहीं जलभराव के चलते मार्ग की स्थिति भी लगातार खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों में इसे लेकर नाराजगी है।
स्थानीय निवासी प्रमोद, मोती, किशन पटवा, दुर्गा गुप्ता, प्रदीप यादव, श्रीराम यादव, प्रिंस गुप्ता, आदित्य, अनिल यादव व संदीप आदि ने बताया कि सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था के लिए नगर पालिका के ईओ प्रदीप कुमार शुक्ला, चेयरमैन प्रतिनिधि कोमल पासवान और वरिष्ठ लिपिक विजय यादव से कई बार मौखिक शिकायत की जा चुकी है। लोगों के अनुसार नगर पालिका की ओर से बताया गया है कि मार्ग के निर्माण की फाइल मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत भेजी गई है और स्वीकृति मिलने के बाद कार्य कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की तत्काल मरम्मत की जरूरत है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वहीं, बिलरियागंज के इंडियन बैंक से रौनापार जाने वाले बाईपास मार्ग की स्थिति भी खराब बताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से पत्रकार पुरम मार्ग पर जलनिकासी की व्यवस्था कराकर सड़क की मरम्मत कराने तथा इंडियन बैंक-रौनापार बाईपास मार्ग को भी शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-बबलू राय