सहज जनसेवा केंद्र संचालक गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रामीणों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर रकम निकालने के मामले में मेहनाजपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक वांछित सहज जनसेवा केंद्र संचालक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15,630 रुपये नकद, 18 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, चार आधार कार्ड, लैपटॉप, मोबाइल फोन, माइक्रो एटीएम, बायोमैट्रिक मशीन समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार पुत्र सरभू राम, निवासी जमुनीपुर, थाना मेहनाजपुर है। उसके विरुद्ध लोगों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर धनराशि निकालने की शिकायत पर मेहनाजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की लोकेशन प्राप्त की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने उसे उसके गांव की ओर मोटरसाइकिल से जाते समय पकड़ लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सहज जनसेवा केंद्र चलाने के दौरान वह ग्रामीणों की बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज अपने पास रख लेता था। इसके बाद उनके बैंक खातों से धनराशि ट्रांसफर अथवा निकालने का काम करता था। पुलिस को ग्राम प्रधान की मुहर का दुरुपयोग कर कूटरचित प्रमाण पत्र तैयार करने की जानकारी भी मिली है। बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी एवं फोरेंसिक जांच के साथ बैंक खातों और लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी के पास बरामद मोटरसाइकिल के कागजात प्रस्तुत न करने पर सीज कर दिया गया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *