बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खण्ड कोयलसा अंतर्गत ग्राम सभा अतरैठ के मौर्या बस्ती में सीसी रोड पर जलजमाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लगातार सड़क पर पानी भरे रहने से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि हल्की बारिश होने पर भी सीसी रोड पर पानी भर जाता है, जो कई दिनों तक जमा रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर कीचड़ और फिसलन बनी रहती है, जिससे लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। नाराज ग्रामीणों ने जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर राधिका, सुमन यादव, दुर्गावती देवी, रामकवल मौर्य, मंजू, पुष्पा, संध्या, इंद्रजीत, मेवा यादव, विजयराज यादव, राहुल यादव, अखिलेश मौर्य, गोपाल यादव, राजमन यादव, गायत्री प्रजापति, बाबूलाल वर्मा, प्रदीप मौर्य आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-अरविन्द सिंह