आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना गम्भीरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रंगदारी की घटना का सफल अनावरण किया। पुलिस ने बताया कि वादी मुकदमा ने गनर लेने के लिए अपने ही 2 लोगो से षड़यंत्र के तहत रंगदारी व गम्भीर घटना कारित करने की धमकी अपने फोन पर दिलवायी। उक्त मामले में शामिल दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
वादी डा.संतोष कुमार मिश्रा निवासी खरैला थाना गम्भीरपुर ने थाना गम्भीरपुर पर शिकायत किया कि वादी कई शिक्षण संस्थानो का प्रबंधक व मैनेजर है। 9 दिसम्बर को उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात अपराधी द्वारा फोन कर दस लाख रूपये की मांग की गयी तथा न देने पर जान से मार देने की धमकी दी गयी। शिकायत के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में थी। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ मे जानकारी हुई कि वादी मुकदमा डा.संतोष मिश्रा द्वारा सरकारी गनर प्राप्त करने हेतु अपने कर्मचारी, परिचित संदीप सिंह पुत्र रामसेवक सिंह निवासी शादीपुर थाना बरदह व राहुल त्रिपाठी उर्फ सिक्की पुत्र कृष्णकान्त त्रिपाठी निवासी गड़ौली थाना देवगांव को पैसे व अपने विद्यालय में उच्च पद पर नौकरी देने का लालच देकर साजिश एवं षड़यंत्र के तहत फर्जी ढंग से रंगदारी मांगने हेतु फोन करवाया गया था जिससे कि उसको सरकारी गनर प्राप्त हो सके तथा उसके सम्बन्ध में फर्जी अभियोग पंजीकृत कराया गया था। चूकि यह घटना वादी मुकदमा द्वारा षड़यंत्र करके सरकारी गनर प्राप्त करने हेतु रची गयी थी जिस कारण अभियोग उपरोक्त को खारिज किया गया। झूठी सूचना व षड़य़त्र करने के सम्बन्ध में वादी मुकदमा डा.संतोष कुमार मिश्रा, संदीप सिंह पुत्र रामसेवक सिंह व राहुल त्रिपाठी उर्फ सिक्की के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना में शामिल अभियुक्त संदीप सिंह पुत्र रामसेवक सिंह व राहुल त्रिपाठी उर्फ सिक्की पुत्र कृष्णकान्त त्रिपाठी को पूछताछ के दौरान ही रविवार को वादी मुकदमा डा.संतोष मिश्रा के एमएसडी पालीटेक्निक कालेज बालपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद आवश्यक कार्यवाही अभियुक्तों को मा0 न्यायालय रवाना किया जा रहा है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार