लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित कैथी टोल प्लाजा के पास गुरुवार रात डंपर की टक्कर से बाइक सवार डा. दिनेश यादव 53 वर्ष की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया। बेटे का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है।
डा. यादव मेहनाजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत थे। अपने सरल स्वभाव, मधुर वाणी और मरीजों के प्रति आत्मीय व्यवहार के कारण वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। डा. यादव के निधन पर मेहनाजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शोकसभा आयोजित की गई, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और सेवाओं को याद किया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डा. यादव को मृत घोषित कर दिया गया। चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने उनकी मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे में शामिल डंपर की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद