हर दिल में आस्था अपार, नदी-सरोवरों के किनारे दीपों का हार

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भारतीय संस्कृति और परंपरा सबसे निराली है। खासतौर से कार्तिक माह को लें, तो हर दिन त्योहार। प्रारंभ तुलसी पूजा और आकाश दीप से होती है तो विदाई भी दीपदान और तुलसी मइया की विदाई से।
कार्तिक पूर्णिमा को कुछ ऐसा ही दिखा। घरों से लेकर देवालयों में तुलसी मइया को माला-फल, नए वस्त्र व हलवा-पूरी अर्पित कर विदाई दी गई, तो शाम होने के साथ देव दीपावली मनाई गई। आस्था अपार दिखी तो नदी और सरोवर के घाटों पर दीपों का हार पहनाया गया। किनारे दीपों की रोशनी से नहा उठे, तो जल में उसका अक्श बता रहा था कि गंगा मइया ने दीपदान स्वीकार कर लिया है। इस दौरान बच्चों ने जमकर आतिशबाजी कर त्योहार की खुशियां मनाईं। शहर में तमसा नदी के गौरीशंकर घाट, कदम घाट, सिधारी पुराना पुल के किनारे घाटों पर हजारों दीप जलाए गए। नदी के तीरे दीपों की लौ से ऐसा लग रहा था जैसे आसमान के तारे जमीन पर उतर आए हों। दीप जलते ही सेल्फी लेने की होड़ मच गई। उधर कुछ स्थानों पर तुलसी विवाह और दीपदान कर तुलसी मइया को विदाई दी गई। आसपास के मंदिरों में भी दीपदान किया गया, तो घरों में लगाए गए पेड़-पौधों के चबूतरों को भी अच्छी तरह सजाया गया था। घाट पर दीपों की रोशनी से अद्भुत छटा बिखर रही थी।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार- कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर नगर पंचायत अतरौलिया के पूरब पोखरा घाट पर 2100 दीप जलाकर भव्य दीपोत्सव मनाया गया। वहीं सम्मो माता मंदिर परिसर में भी 1100 दीप प्रज्वलित कर पूरे परिसर को रोशनी से जगमग कर दिया गया। दीपों की जगमगाहट से घाट और मंदिर परिसर का दृश्य आकर्षक नजर आया।
नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल के नेतृत्व में नगर पंचायत की ओर से आयोजित इस दीपोत्सव में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पूरब पोखरा घाट पर कतारबद्ध जलाए गए 2100 दीपों ने उत्सव की छटा बिखेर दी। इसी क्रम में सम्मो माता मंदिर परिसर में भी 1100 दीप जलाए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर प्रत्येक वर्ष नगर पंचायत की ओर से इस तरह का आयोजन किया जाता है। नगर कर्मचारियों के सहयोग और मेहनत से इस वर्ष भी घाटों एवं मंदिर परिसर को दीपों से सजाया गया। इस अवसर पर तजमुल, अमित सिंह, अजय मद्धेशिया, पिंटू गुप्ता, सद्दाम हुसैन सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *