सलमान ने नैनो को बना दिया हेलीकॉप्टर

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में प्रतिभाओं की कमी नहीं है केवल उन्हे उचित मंच मिलने की जरूरत है। लालगंज तहसील क्षेत्र के पकड़ी गांव के सलमान ने नैनो कार को हेलीकॉप्टर का रूप दे दिया और उनके इस हेलीकॉप्टर रूपी नैनो कार को देखने वालों का तांता लगा हुआ है।
सलमान ने बताया कि इसे बनाने में उन्हें 4 महीने का समय लगा और करीब तीन लाख रुपए खर्च आये हैं। वह बताते हैं कि इसमें चालक को छोड़कर 4 लोग बैठ सकते हैं तथा उनके इस हेलीकॉप्टर रूपी कार को लगन आदि में बुक करने वालों की काफी डिमांड है। पेशे से कारपेंटर सलमान की पकड़ी पुलिस चौकी के बगल में फर्नीचर आदि की दुकान है। जनपद के इस नौजवान के जुनून ने ऐसा तहलका मचा दिया है। इसे बनाने की परिकल्पना के संबंध में पूछे जाने पर सलमान बताते हैं कि वह एक यूट्यूब चैनल देख रहे थे जिसमें किसी बिहार के युवक ने ऐसा करके चैलेंज किया कि जो बिहार के लड़के कर सकते हैं वह कोई नहीं कर सकता। इस बात से उन्हें काफी तकलीफ हुई और उन्होंने इसे प्रतिष्ठा का सवाल बनाकर ठान लिया कि वह अपनी नैनो कार को हेलीकॉप्टर का रूप देंगे। वह इस जुनून में कबाड़ आदि से एकत्र की गई सामग्री तथा कुछ महंगे सामान दिल्ली, हरियाणा, जौनपुर, बनारस आदि से खरीद कर अपनी नैनो कार को हेलीकॉप्टर बनाने में जुट गए। उन्होंने बताया कि 4 महीने की अथक मेहनत के बाद वह इस कारनामा को अंजाम देने में सफल हुए। लाइटों से सुसज्जित किए गए इस नैनो हेलीकॉप्टर में ऐसी लाइटिंग की गई है जिसे लोग देखते ही रह जाते हैं। रात के समय इसकी खूबसूरती काफी बढ़ जाती है उनके इस कार को दूर से देखने पर ऐसा लगता है जैसे वास्तव में हेलीकॉप्टर ही आकर जमीन पर उतरा हो।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *