नहर में डूबने से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम

शेयर करे

मेहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के अतिबल पट्टी पुरवा निवासी 32 वर्षीय सूरज सरोज की नहर में डूबने से मौत हो गई। शनिवार सुबह नहर में शव मिलने की सूचना पर गांव में मातम छा गया। पत्नी चंदा सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सूरज सरोज शुक्रवार रात शौच के लिए घर से दक्षिणी सिवान में रजवाहा -कम्हरिया नहर पुलिया की तरफ निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रात में तलाश किया परंतु सूरज नहीं मिला। शनिवार सुबह नहर में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। शव देखते ही परिजन रोने-चीखने लगे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिराज सरोज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूरज तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। उनके दो पुत्र हैं, जिनमें एक की उम्र आठ वर्ष और दूसरे की पांच वर्ष है। सूरज के पिता रामायन सरोज रोजी-रोटी के सिलसिले में कलकत्ता गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर वह घर के लिए रवाना हो गए हैं।
थाना प्रभारी अभिराज सरोज ने बताया कि शव को विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पत्नी चंदा की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- धीरज तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *