मुख्यमंत्री पोर्टल पर की प्रधान के भ्रष्टाचार की शिकायत

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले के सगड़ी तहसील क्षेत्र के नत्थूपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के बजट के गबन की शिकायत से हड़कंप मचा हुआ है।
ग्राम प्रधान रामदुलारे पर आरोप है कि उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान कागजों पर ही विकास कार्य दिखाकर सरकारी धन का गबन किया। ग्रामीण राजेंद्र द्वारा 14 सितंबर को डीएम से शिकायत किए जाने के बाद से ही मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि कागजों में रीता के घर से होते हुए वसीम के चक तक और वहां से विजय कुमार के घर तक सीसी रोड कार्य की स्वीकृति 29 नवंबर 2025 में हुई और मजदूरी का भुगतान 8 जनवरी 2026 तक करा लिया गया जबकि धरातल पर कार्य हुआ ही नहीं। मामले में शिकायत के बाद खुद को बचाने के लिए ग्राम प्रधान आनन-फानन में बेहद घटिया स्तर का सीसी रोड निर्माण कराकर सबूत मिटाने की कोशिश में लगे हैं। इस निर्माण कार्य में मजदूरी भुगतान में भी भारी धांधली की बात सामने आई है। उधर, स्थानीय प्रशासन के ढुलमुल रवैये से पीड़ित बेहद निराश हैं। शिकायकर्ता राजेंद्र का आरोप है कि तीसरी बार डीएम दरबार पहुँचने पर उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें डांट कर भगा दिया गया। जिला स्तर पर सुनवाई न होने के बाद अब पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने विशेष जांच टीम गठित कर दोषी प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज करने तथा गबन की राशि वसूलने की मांग की है।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *