बाजार से खाद खरीद कर गेहूं की बुवाई में जुटे किसान

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गेहूं की बुवाई के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों को डीएपी खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि सरकारी गोदामों और साधन सहकारी समितियों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। सरकारी दर पर 1350 रुपये में मिलने वाली डीएपी बाजार में 1700 से 1800 रुपये तक खरीदनी पड़ रही है। सरकारी केंद्रों पर खाद मिलने की उम्मीद में इंतजार करने के बजाय किसान अब मजबूरी में बाजार से महंगी खाद खरीदकर बुवाई कर रहे हैं।
किसान मनीष पाल, मोहम्मद अनवर, अंजर, दशरथ पाल, ध्रुव यादव, राम आसरे यादव और राम सिंगार यादव का कहना है कि यदि डीएपी के इंतजार में बुवाई पिछड़ गई तो खेतों की नमी समाप्त हो जाएगी। इसके बाद दोबारा सिंचाई कर बुवाई करनी पड़ेगी, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ेगा। समय से गेहूं की बुवाई होने पर अच्छी पैदावार की उम्मीद रहती है। इसलिए किसान महंगी खाद खरीदकर भी समय से बुवाई करने को मजबूर हैं।

किसानों ने कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि बुवाई के समय किसानों को समय से खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पाते। वहीं बाजार में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद-बीज की बिक्री पर भी प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
किसानों की मांग है कि गेहूं की बुवाई के समय सरकारी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराई जाए और बाजार में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *