आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिब्ली नेशनल कॉलेज में बुधवार को महान शिक्षाविद्, इतिहासकार एवं विचारक अल्लामा शिब्ली नोमानी की स्मृति में शिब्ली डे का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार रहे। अध्यक्षता द आज़मगढ़ मुस्लिम एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. शौकत अली ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अबूसाद अहमद शम्सी एवं संयुक्त सचिव अनवार अहमद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद खालिद एवं बी.एड. विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर सीमा सादिक़ ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी एएनओ डॉ. आसिम ख़ान के नेतृत्व में मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किए जाने के साथ हुई। इसके पश्चात कारी मोहम्मद आसिफ़ ने तिलावत-ए-कलाम पाक से कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अफ़सर अली ने मुख्य अतिथि प्रोफेसर संजीव कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। साथ ही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. शौकत अली, प्रबंध समिति के अध्यक्ष जनाब अबूसाद अहमद शम्सी एवं संयुक्त सचिव जनाब अनवार अहमद का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इसके पश्चात मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर फ़हमीदा ज़ैदी ने महाविद्यालय की ओर से स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने शिब्ली डे के ऐतिहासिक एवं शैक्षिक महत्व पर प्रकाश डाला।
सैन्य विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मोनिस अब्बास, अंग्रेज़ी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सरफ़राज़ नवाज़ एवं उर्दू विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर ने अपने भी विचार रखे।
शिब्ली पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के 29 विद्यार्थियों द्वारा नेट एवं जेआरएफ की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर उन्हें सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त इस वर्ष महाविद्यालय के 13 विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल प्राप्त किए, जिन्हें भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रो.मोहम्मद ताहिर एवं प्रो.मोहम्मद खालिद की पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। यह पुस्तक अंग्रेज़ी एवं उर्दू भाषाओं में प्रकाशित हुई है। पुस्तक में अल्लामा शिब्ली नोमानी के शैक्षिक दृष्टिकोण, उसकी वर्तमान प्रासंगिकता एवं संस्थागत चुनौतियों पर विचार किया गया है। अध्यक्षता डॉ. शौकत अली ने किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार