नाली सफाई के नाम पर सड़क पर छोड़ दी गई मिट्टी

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के देवगांव में मेहनाजपुर रोड पर नाली की सफाई के नाम पर निकाली गई मिट्टी सड़क पर ही छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सफाई के नाम पर की गई इस कार्रवाई ने लोगों की मुश्किलें कम करने के बजाय और बढ़ा दी हैं। सड़क पर जगह-जगह नाली से निकाली गई मिट्टी जमा होने के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। वहीं, सड़क किनारे दुकान चलाने वाले दुकानदार भी इस स्थिति से खासे परेशान हैं।
दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर फैली मिट्टी के कारण उनके कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्राहक असुविधा के चलते दुकानों तक आने से कतरा रहे हैं। दुकानदारों को दिनभर बैठकर ग्राहकों का इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली की सफाई कराना जरूरी है, लेकिन सफाई के बाद निकाली गई मिट्टी को सड़क पर छोड़ देना कहां तक उचित है?
लोगों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से मिट्टी को तत्काल हटवाये जाने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और लोगों को इस परेशानी से कब तक निजात मिल पाती है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *