शबाना आजमी मार्ग के आसपास गंदगी का अम्बार

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम उदपुर में शबाना आज़मी रोड के किनारे कचरे का विशाल अंबार लगा हुआ है। स्वच्छ भारत मिशन के दावों की पोल खोलती इस स्थिति से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का जीना दुश्वार हो गया है। गंदगी से उठ रही दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस बदहाली के लिए मुख्य रूप से बीडीओ फूलपुर विनीत कुमार यादव और सहायक विकास अधिकारी फूलपुर संदीप ज्ञानवीर की लापरवाही जिम्मेदार हैं। नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और कचरा निस्तारण के प्रति संबंधित अधिकारियों का रवैया पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे सड़क किनारे कूड़े का ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे और वाहन गुजरते हैं। कचरा सड़क तक फैल जाने के कारण आवागमन में भारी असुविधा हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि फूलपुर बीडीओ और एडीओ की जवाबदेही तय करते हुए तत्काल प्रभाव से उदपुर के शबाना आज़मी रोड से कचरे का अंबार हटवाया जाए। यदि शीघ्र ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे ब्लॉक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *