अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने 18 वर्षीय युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात थाना परिसर से करीब 500 मीटर दूर पकड़ी गांव के पास असिलाई रोड पर हुई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों बदमाश असलहा लहराते हुए असिलाई की ओर फरार हो गए।
पकड़ी गांव निवासी आर्यन यादव 18 वर्ष पुत्र मनोज यादव शनिवार को असिलाई रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली चला दी। एक गोली आर्यन के बाएं हाथ के पंजे में, जबकि दूसरी गोली बाएं पैर में लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है। दिनदहाड़े और थाने से महज कुछ दूरी पर हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे