कार ने टेंपो को मारी टक्कर, तीन की मौत, सात घायल

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बेलसिया गांव के पास ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। शुक्रवार को हुए इस भीषण सड़क हादसे में टेंपो सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में सात अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मृतकों की पहचान प्रमिला (51) पत्नी स्व.राजनाथ चौहान निवासी मकसुदिया, कोतवाली फूलपुर, दिनेश (45) पुत्र पतिराज हरिजन निवासी नियाउज, फूलपुर तथा अंतर्ध्यानी (60) पत्नी राम लवटन गौड़ निवासी करौजा के रूप में हुई है। अंतर्ध्यानी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई।
हादसे में घायल लोगों में मो. अतहर (19) पुत्र अशहर और मो. उमैर (17) पुत्र आशिफ निवासी लखमापुर, थाना पवई, यूसुफ (19) पुत्र आफताब आलम निवासी टेऊंगा, फूलपुर तथा शादान (17) पुत्र मुन्ना निवासी उदपुर, फूलपुर शामिल हैं। इसके अलावा टेंपो सवार मुस्तकीन (23) पुत्र खलील अहमद निवासी मुड़ियार ईदगाह और मो. अशरफ (38) पुत्र मो. इसहाक निवासी पलिया अदाई, फूलपुर घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतका प्रमिला के पति की दो वर्ष पहले कैंसर से मौत हो चुकी थी। परिवार में दो बेटे योगेंद्र, नागेंद्र और दो बेटियां करीना, रबीना हैं। प्रमिला की मौत से बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया और परिवार का सहारा छिन गया। वहीं दिनेश की मौत से पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दिनेश के पास कोई संतान नही है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *