पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी: डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दीपावली पर्व पर खुशियों के साथ सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। पटाखे जलाते समय जरा सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसे देखते हुए स्थानीय अमर शहीद राजा जय लाल सिंह सौ शैया संयुक्त जिला चिकित्सालय के स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने क्षेत्रवासियों को जागरूक करते हुए सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।
डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने अतरौलिया क्षेत्र सहित जनपद और देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली खुशियों का पर्व है, जो अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का संदेश देता है। त्योहार मनाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो और स्वयं के साथ आसपास के लोगों की सुरक्षा भी बनी रहे।
उन्होंने कहा कि आतिशबाजी के दौरान ऐसे पटाखों से विशेष सावधानी बरतें, जो जलने के बाद आसमान में जाकर दूसरे के घरों में गिर सकते हैं। इससे आग लगने और जनहानि की आशंका रहती है। पटाखे जलाते समय सिंथेटिक कपड़ों से बचें। सूती कपड़े और जींस पहनना अपेक्षाकृत सुरक्षित रहता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में जलने से संबंधित मरीजों के उपचार के लिए तीन बेड का बर्न वार्ड तैयार है, जो पूरे वर्ष उपलब्ध रहता है। दीपावली पर किसी भी संभावित दुर्घटना से निपटने के लिए चिकित्सकों की टीम गठित की गई है। इमरजेंसी सेवा 24 घंटे संचालित रहेगी। जलने के उपचार में इस्तेमाल होने वाली सिल्वर सल्फाडायजीन क्रीम सहित आवश्यक दवाएं और आईवी फ्लुइड पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *