संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील अंतर्गत ग्राम गड़हन खुर्द में दबंगों द्वारा सार्वजनिक सीसी रोड जिसका चकमार्ग नम्बर 257 है को तोड़ कर पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया है, जिससे ग्रामीणों को आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के दिनेश पाठक व अन्य लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाया है।
जिलाधिकारी को दिये गये प्रार्थना पत्र में लिखा है कि गड़हन खुर्द अंबेडकर ग्राम में है जिसके तहत सरकारी पैसे से सीसी रोड का निर्माण हुआ था, लेकिन गांव के वेदप्रकाश व कैलाश ने जबरन सीसी रोड तोड़कर उस पर पक्का निर्माण करते हुए कब्जा कर लिया है, जिससे उस रोड से आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सीसी रोड तोड़कर उसी में पानी भी बहाया जाता है। बरसात के समय में ग्रामीणों के लिए मुसीबत भरा हो जाता है। इसके पहले भी जिलाधिकारी ने निजामाबाद तहसील प्रशासन को आदेशित किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिलाधिकारी ने कार्रवाई के लिए एसडीएम निजामाबाद चन्द्रप्रकाश सिंह को आदेशित किया है।
रिपोर्ट-राहुल यादव