लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट गांव में बुधवार को बेसो नदी में नहाते समय डूबे 11 वर्षीय बालक अंश का शव गुरुवार को एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को हुई, परिवार में कोहराम मच गया।
बुधवार दोपहर अंश अपने 15 वर्षीय बड़े भाई विकास और अन्य दोस्तों के साथ चिरकिहिट स्थित बेसो नदी के पुल के पास नहाने गया था। नदी में नहाने के दौरान अंश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख विकास घबरा गया और किसी तरह नदी से बाहर निकलकर दौड़ते हुए घर पहुंचा। उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन नदी के किनारे पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से अंश की तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी लालगंज आरएन पांडेय, देवगांव प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडेय और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस, ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अंधेरा होने के कारण बुधवार की शाम तलाशी अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद गुरुवार को एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ ने पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से नदी में दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद अंश का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अंश की मां नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। अंश दो भाइयों में छोटा था। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद