हरियाणा में करंट लगने से युवक की मौत

शेयर करे

निजामाबाद/फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के बड़ागांव निवासी विजय प्रताप यादव पुत्र जगमोहन यादव की हरियाणा में करंट लगने से मौत हो गई। रविवार की सुबह करीब 10 बजे एंबुलेंस से शव गांव स्थित घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
विजय प्रताप यादव हरियाणा के बहादुरगढ़ सेक्टर-17 स्थित एशियन फुटवियर कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था। बीते गुरुवार की देर रात कंपनी में कार्य करने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। साथियों ने तत्काल नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
रविवार सुबह एंबुलेंस से शव बड़ागांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विजय ही परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था। पिता जगमोहन यादव की तबीयत भी खराब रहती है। परिवार में विजय की पत्नी के अलावा पांच वर्ष का एक बेटा और छोटी बेटी है। कम उम्र में परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रविवार को दत्तात्रेय धाम स्थित तमसा-कुंवर नदी के संगम तट पर गमगीन माहौल में विजय प्रताप यादव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें नम रहीं।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *