लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजमगढ़-जौनपुर सीमा के पास कंजहित के बरडीहा मोड़ स्थित रघुवंशी होटल के सामने शनिवार की रात करीब एक बजे आजमगढ़ की ओर से वाराणसी से सत्तेशगढ़ होते हुए अड़गड़ानंद आश्रम मिर्जापुर जा रही बस अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन फोरलेन की पुलिया में जा घुसी। बस में सवार 21 यात्रियों में से 13 लोग घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि सात घायलों का उपचार संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची। देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह, चौकी प्रभारी लालगंज रविंद्र कुमार और पुलिसकर्मियों की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल कई एंबुलेंस द्वारा संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया।
हादसे में महेश यादव 65 वर्ष पुत्र रामधारी यादव; शिवपूजन निषाद 65 वर्ष पुत्र सोनू निषाद निवासीगण बेलभद्रपुर, थाना घोसी, मऊ; रीता 40 वर्ष पत्नी कैलाश यादव निवासी बोझी, थाना घोसी, मऊ; परमा देवी 65 पत्नी सोचन, राम बच्चन 60 वर्ष पुत्र सहदेव व रामप्यारे 70 वर्ष पुत्र भगेरू निवासीगण बोझी, थाना घोसी, मऊ गंभीर रूप से घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी छह को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जिन सात घायलों का लालगंज में उपचार चल रहा है। उसमें गुड्डी यादव 55 वर्ष पत्नी सुरेंद्र यादव, गुड़िया यादव 30 वर्ष पत्नी बृजेश यादव, सोनम यादव 35 वर्ष पत्नी हरेंद्र यादव, सुदामा यादव 62 वर्ष पुत्र भगनू यादव, सभी निवासी बोझी थाना घोसी, मऊ; बस चालक राम मिलन यादव 45 वर्ष पुत्र विजय शंकर यादव निवासी बेल्थरा थाना उभाव, बलिया; सुक्खू यादव 62 वर्ष पुत्र विश्वनाथ यादव और मंगल यादव 65 वर्ष पुत्र अवतार दोनों निवासी बोझी, थाना घोसी मऊ का उपचार संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज में चल रहा है।
इनसेट–
कार भी गड्ढे में पलटी
लालगंज (आजमगढ़)। इसी स्थान के पास रविवार की सुबह करीब सवा 5 बजे एक कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बताया जा रहा है कि कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, इसके बाद कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हालांकि गनीमत रही कि कार सवार लोग सुरक्षित बच गए।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद