एसडीएम नेहा मिश्रा ने स्वयं हंसिया चलाकर काटी धान की फसल

शेयर करे

लालगंज, आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील लालगंज क्षेत्र के ग्राम चन्द्रभानपुर में शुक्रवार को उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने स्वयं खेत में धान की फसल काटकर क्रॉप कटिंग (फसल कटाई प्रयोग) की प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुसार फसल कटाई प्रयोग को अपनी मौजूदगी में कराया और पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया।

लालगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम चन्द्रभानपुर में गाटा संख्या 525, रकबा 0.692 हेक्टेयर स्थित भूस्वामी सूर्यबली पुत्र बलधारी के धान के खेत में भूस्वामी एवं ग्रामवासियों के समक्ष नियमानुसार क्रॉप कटिंग की गई। फसल कटाई से संबंधित आंकड़ों को सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से फसल की वास्तविक पैदावार का आकलन किया जाता है। शासन की मंशा के अनुरूप पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ कराई जा रही है, ताकि किसानों की उपज का सही आंकड़ा प्राप्त हो सके। मौके पर लेखपाल पूनम चौहान तथा राजस्व निरीक्षक रामू राम एवं रामप्यारे यादव सहित भूस्वामी और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *