मेड़ के विवाद में धारदार हथियार से हमला, महिला घायल

शेयर करे

पवई, आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना पवई क्षेत्र के ग्राम ओरिल की निवासी पूनम मौर्या पत्नी रविंदर मौर्या ने गांव के ही दो लोगों पर खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद में उनके पति के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने थानाध्यक्ष पवई को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 12 नवंबर की शाम करीब छह बजे की है। पूनम मौर्या अपने दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान गांव के विकास उर्फ गुड्डू पुत्र रामग्रस्त मौर्य ने आकर धान की फसल के संबंध में खेत की मेड़ पर जाने की बात कही। इस पर पूनम ने उसे खेत की तरफ जाने को कहा और बताया कि वहां तिरपाल लगा हुआ है। आरोप है कि इसके बाद विकास उर्फ गुड्डू और उसके सगे भाई नीलेश ने ट्रैक्टर लेकर खेत की ओर जाते समय पीड़िता की फसल को नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर जब उनके पति रविंदर मौर्या ने दोनों से फसल खराब होने के संबंध में पूछताछ की तो आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह अपने पति को बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया गया। साथ ही दोनों आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता पूनम मौर्या ने थानाध्यक्ष पवई से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
रिपोर्ट-नरसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *