मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव और उमस भरी गर्मी के बीच स्थानीय तहसील क्षेत्र में सीजनल फीवर (मौसमी बुखार) और वायरल इंफेक्शन का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। मार्टिनगंज व आसपास के ग्रामीण अंचलों में घर-घर लोग सर्दी, खांसी, सिरदर्द और तेज बुखार की शिकायत से जूझ रहे हैं।
हीरा हेल्थ केयर में इन दिनों मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ओपीडी में आने वाले मरीजों में सबसे अधिक संख्या वायरल फीवर, टाइफाइड और प्लेटलेट्स में गिरावट की शिकायत वाले लोगों की है। डा. अरविंद ने क्षेत्र के लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि मौसम में अचानक आ रहे बदलाव, नमी और उमस के कारण वायरल इंफेक्शन के मामले तेजी से बढ़े हैं। इस समय अस्पताल में आने वाले हर 10 में से 6 से 7 मरीज मौसमी बुखार और शरीर में जकड़न की समस्या से पीड़ित हैं। लोग हल्के बुखार को भी नजरअंदाज कर रहे हैं और बिना डाक्टरी सलाह के मेडिकल स्टोर से दवाइयां ले रहे हैं, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी