कांग्रेस के पर्यवेक्षकों का जनपद दौरा संपन्न

शेयर करे

संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आजमगढ़ जनपद में केंद्रीय एवं प्रादेशिक पर्यवेक्षकों का 12 अगस्त से 21 अगस्त तक चला दस दिवसीय दौरा शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस दौरान जनपद की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों एवं 22 ब्लॉकों में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों के साथ कुल 14 बैठकें आयोजित की गईं।
अभियान के तहत कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा संगठन के लिए उपयुक्त नेतृत्व के चयन को लेकर पर्यवेक्षकों ने व्यापक संवाद किया। केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शाकिर सनादी, राज्य मंत्री कर्नाटक सरकार तथा प्रादेशिक पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. प्रमोद पांडेय प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल; डॉ. अमित कुमार राय चेयरमैन शिक्षक कांग्रेस; एवं बृजेश सिंह गाट पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बलिया ने जनपद का दौरा किया।
जिलाध्यक्ष पद के लिए कुल 16 आवेदन तथा शहर अध्यक्ष पद के लिए दो आवेदन प्राप्त हुए। पर्यवेक्षकों द्वारा सभी आवेदकों का व्यक्तिगत रूप से साक्षात्कार लिया गया। इसके साथ ही आवेदकों की संगठनात्मक सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच स्वीकार्यता, सामाजिक जुड़ाव एवं अन्य संबंधित पहलुओं के बारे में विभिन्न स्रोतों से भी जानकारी जुटाई गई।
पर्यवेक्षकों ने इस दौरान मिले सुझावों और फीडबैक को भी संकलित किया। प्राप्त सभी जानकारियों और साक्षात्कार के आधार पर पर्यवेक्षक अपनी विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे, जिसके आधार पर संगठनात्मक नियुक्तियों के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
रिपोर्ट-राहुल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *