समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही संभव है क्षेत्र का विकास: अरूण राजभर

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सुभासपा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर क्षेत्र में लगातार सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटे हैं। उनकी लगातार बढ़ती सक्रियता के चलते क्षेत्र के सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
अरुण राजभर प्रतिदिन क्षेत्र के लगभग 20 गांवों का दौरा कर स्थानीय नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान वे स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से सुन रहे हैं और विकास, सामाजिक न्याय तथा हर वर्ग की समान भागीदारी को लेकर अपनी बात रख रहे हैं।
अरुण राजभर ने कहा कि अतरौलिया का समग्र विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग और समुदाय की हिस्सेदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने जोर देकर कहा, हमारा स्पष्ट लक्ष्य अतरौलिया के हर वर्ग को साथ लेकर चलना है। जनता की समस्याओं को सुनना और उनका ठोस समाधान निकालना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के लिए विधानसभा क्षेत्र के सभी 455 बूथों पर कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार की जा चुकी है। अरुण राजभर की निरंतर सक्रियता के चलते विपक्षी दलों के नेता भी अब क्षेत्र में नजर आने लगे हैं, जिसे क्षेत्र में राजनीतिक बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। अरुण राजभर ने स्पष्ट किया कि वे सेवा, संघर्ष और विकास के संकल्प के साथ अतरौलिया की जनता के बीच निरंतर उपस्थित रहेंगे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *