अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ग्रुप-डी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र थमाने वाले वांछित आरोपी को अतरौलिया पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी का चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के बरबोझी निवासी (हाल पता देवखरी, थाना कंधरापुर) सौरभ सिंह ने 20 नवंबर को अतरौलिया थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि विपक्षियों ने आरआरबी ग्रुप-डी में नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद जीयनपुर थाना क्षेत्र के जमीन हरखोरी धनछुला निवासी सहवादी अमरजीत सिंह को कूटरचित तरीके से तैयार किया गया फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया।
जब नौकरी नहीं मिली तो पीड़ितों ने अपने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी टालमटोल करने लगे और दबाव बनाने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को पुलिस मुखबिर की सूचना पर कस्बा अतरौलिया स्थित सम्मो माता मंदिर के पास घेराबंदी की। टीम ने मौके से वांछित आरोपी अमरेज कुमार (52) निवासी गजेंधरपट्टी भेदौरा, थाना अतरौलिया को गिरफ्तार कर सम्बंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद