सीटों का बंटवारा अमित शाह और नितिन नवीन करेंगे, संजय निषाद नहीं-ओमप्रकाश राजभर

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अतरौलिया विधानसभा सीट पर निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद की दावेदारी को लेकर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा संजय निषाद नहीं, बल्कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा किया जाएगा।
सोमवार को निरीक्षण भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि संजय निषाद से सीटों के बंटवारे पर उनकी क्या बात होगी, वे सीटों के मालिक नहीं हैं। किसी भी विधानसभा सीट पर दावेदारी करने से पहले वहां के जातीय समीकरण और मतदाताओं की वास्तविक संख्या की जानकारी होनी चाहिए। बिना आंकड़ों की जानकारी के बयान देना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि आगामी छह दिसंबर को आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में सुभासपा की ओर से सामाजिक समरसता महारैली आयोजित की जाएगी। महारैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। अतरौलिया क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कप्तानगंज-अहिरौला मार्ग के 21 किलोमीटर हिस्से और सिकंदरपुर-नरियांव मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा नौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नाली, आरसीसी और खड़ंजा सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं।
विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग पांच साल तक क्षेत्र से गायब रहे और अब चुनाव के समय उड़नखटोले की तरह उतरने लगे हैं। वहीं, उन्होंने पिछले तीन वर्षों में हजारों लोगों की थाने, तहसील और ब्लॉक स्तर पर समस्याओं के समाधान में मदद करने का दावा किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *