अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। घर से गहने गायब होने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मां-बेटी पिछले करीब आठ माह से थाने के चक्कर लगा रही हैं। पीड़िता का आरोप है कि कई बार शिकायती पत्र देने के बावजूद अब तक गहने बरामद नहीं हुए और पुलिस की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है।
जहानागंज थाना क्षेत्र के धरौली गांव निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी राजपाल निषाद ने अतरौलिया थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका मायका अतरौलिया थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में है। उन्होंने अपने आभूषण अपनी मां के पास मायके में रखे थे। आरोप है कि उनकी भाभी सांगली देवी पत्नी पंकज निषाद निवासी बिस्टारा, थाना कप्तानगंज, उनके तथा उनकी मां, बहन और भाभी के गहने लेकर अपने मायके चली गईं।
लक्ष्मी देवी का आरोप है कि गहने वापस मांगने के बावजूद उन्हें आभूषण नहीं दिए जा रहे हैं। इसी विवाद को लेकर उनके पति राजपाल ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर में रहने भी नहीं दिया। पीड़िता के मुताबिक वह जनवरी से लगातार अतरौलिया थाने में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग कर रही हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर गायब हुए गहनों की बरामदगी तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि प्रकरण में प्रार्थिनी की भाभी सांगली देवी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था लेकिन उन्होंने गहने लेने से इनकार कर दिया। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद