मंदुरी हवाई पट्टी के विस्तारीकरण के विरोध में उतरे ग्रामीण

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रशासन द्वारा नये सर्वे के अनुसार कुल 8 ग्रामों के लगभग 4000 घरों को तोड़कर मन्दुरी हवाई पट्टी का विस्तार करके अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाये जाने के विरोध में ग्रामसभा गदनपुर हिच्छनपट्टी, जमुआं हरिराम जमुआं जोलहा, जिगिना, मन्दुरी, जेहरा पिपरी, हसनपुर व कादीपुर, तहसील सगड़ी, जनपद आजमगढ़ के ग्रामवासियों ने आशियाना बचाओ ग्रामवासी मोर्चा बनाकर कलेक्ट्रेट स्थित रिक्शा स्टैण्ड पर जनसभा कर धरना दिया। जनसभा के बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं कमिश्नर से मिलकर मुख्यमंत्री, राज्यपाल, उड्डयन मंत्रालय एवं राष्ट्रपति सहित प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा।
वक्ताओं ने कहा कि इसके पूर्व भी मोर्चा द्वारा 2 नवम्बर को कलेक्ट्रेट पर धरना देकर शासन को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा गया था। जनपद के विधायकों ने इस मुद्दे को सदन में उठाया था। विधायकगण द्वारा सदन में उठाये गये उपरोक्त प्रश्न का जवाब देते हुये प्रदेश सरकार के संसदीय कार्यमंत्री द्वारा यह कहकर मामले को टाल दिया गया कि उन्हें आशियाना उजाड़ने की जानकारी नहीं है। इसके लिये जिलाधिकारी से वे बाद में बात करेगें। संसदीय कार्यमंत्री का यह कथन बेहद ही गैर जिम्मेदाराना एवं जनविरोधी है।
वक्ताओं ने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी योजना के लिये घनी आबादी क्षेत्र को प्रभावित न किया जाय, क्योंकि लोगों को आबादी क्षेत्र का अधिक मुआवजा देना पड़ेगा और साथ ही उनके पुनर्वासन एवं पुनर्व्यस्थापन करने पर भी सरकारी खजाने पर अतिरिक्त व्यय भार पड़ेगा। इसके बाद भी प्रशासन अपनी मनमानी कर रहा है और खाली परती पड़ी अनुपजाऊ जमीनें होते हुये भी उन्हें छोड़कर 8 गांवों की घनी आबादी उजाड़ने की योजना बना लिया है तथा ग्रामीणों के साथ-साथ सरकारी खजाने को भी चूना लगाने पर आमादा हैं। सभा को ज्ञानराम, शिवप्रकाश यादव, ओमहरी प्रजापति, शिवबचन, ओमप्रकाश सिंह, जीतनरायन यादव, केदार वर्मा, नीरज राय, संगीता व सुभावती ने भी सम्बोधित किया। अध्यक्षता डा.राधेश्याम व संचालन श्याम नरायन सिंह ने किया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *