पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के बिलरियागंज बाजार में बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे ओम चाइल्ड केयर के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा को मिली शिकायत के बाद उनके निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। जांच में अस्पताल बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित पाया गया और मौके पर कोई चिकित्सक भी मौजूद नहीं था।
डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान वहां चार बेड का एनआईसीयू संचालित मिला, जिसमें दो बच्चे भर्ती थे। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके परिजनों को स्थिति से अवगत कराया। परिजनों की सहमति के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करा दिया गया। जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान डॉ. मोहनलाल के साथ पटल सहायक धीरेन्द्र कुमार शुक्ला भी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और चिकित्सा संस्थानों में निर्धारित मानकों का पालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा।
रिपोर्ट-बबलू राय