अहरौला आजमगढ (सृष्टिमीडिया)। महराजगंज थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव निवासी सुभाष निषाद (45) की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर नाले में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों के अनुसार सुभाष निषाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। दो बच्चों की शादी हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर सुभाष को नाले में डुबोकर मारने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महराजगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्ट-संतोष चौबे