आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील क्षेत्र के बलिया कल्याणपुर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए गांव के निषाद बस्ती से टौंस नदी स्थित मंदिर तक आने-जाने के लिए चकमार्ग तथा घरों से जलनिकासी के लिए नाले की मांग की है।
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे बलिया कल्याणपुर के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। निषाद बस्ती से नदी तक जाने के लिए कोई चकमार्ग नहीं छोड़ा गया है न ही गंदे पानी की निकासी के लिए नाले के लिए भूमि छेड़ी गयी है। निषाद बस्ती के लोग अपने-अपने घरों के सामने गड्ढा खोदकर गन्दा पानी इकट्ठा करने के लिए विवश हैं। उन्होंने बताया कि निषाद बस्ती के निकट नदी के किनारे लोगों द्वारा भगवान शिव मंदिर, हनुमान मंदिर, निषादराज मंदिर निर्मित कराया है। निषाद बस्ती से मंदिर तक आने-जाने के लिए भी कोई रास्ता नहीं छोड़ा गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से चकबंदी के दौरान गांव में चकमार्ग एवं नाले के लिए भूमि छोड़वाने की गुहार लगायी है। जिलाधिकारी ने ज्ञापन लेने के पश्चात समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वलों में रामप्रसाद साहनी, सावित्री निषाद, भानू साहनी, चंद्रजीत सहनी, शान्ति निषाद आदि शामिल हैं।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार