महराजगंज-राजेसुल्तानपुर मुख्य मार्ग पर गड्ढे का ‘स्वागत द्वार’

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महराजगंज-राजेसुल्तानपुर मुख्य मार्ग पर त्रिमुहानी पुल के पास बारिश के बाद सड़क के किनारे बना बड़ा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क की बदहाली को देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो गड्ढा राहगीरों के स्वागत के लिए तैयार किया गया हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है, ऐसे में सड़क के बिल्कुल किनारे पर बने गड्ढे से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों में सड़क की इस स्थिति को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में गड्ढे होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन समय रहते इनकी मरम्मत न होना जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। लोगों का आरोप है कि सड़क की समस्या सामने होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस ओर नहीं पड़ रही है। त्रिमुहानी पुल के पास बना यह गड्ढा अब सड़क का हिस्सा कम और हादसे का ‘न्योता’ ज्यादा नजर आ रहा है। विभाग शायद किसी बड़े हादसे के बाद ही जागने की प्रतीक्षा कर रहा है।
लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द गड्ढे की मरम्मत कराने और सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मुख्य मार्ग होने के कारण इसकी नियमित निगरानी और समय-समय पर मरम्मत बेहद जरूरी है। बारिश के दौरान सड़क पर गड्ढों की समस्या को नजरअंदाज करना राहगीरों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ साबित हो सकता है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस गड्ढे को समय रहते भरवाता है या फिर किसी अप्रिय घटना के बाद ही उसकी नींद टूटती है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *