अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के शंभूपुर पूरा गांव निवासी पंचायत इंटर कॉलेज मेहनगर के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रखर विचारक स्व. हरिपूजन सिंह की दूसरी पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनके पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि सभा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के भाजपा नेताओं, संघ के स्वयंसेवकों, शिक्षकों, चिकित्सकों एवं परिजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ गीता पाठ के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने स्व.हरिपूजन सिंह के व्यक्तित्व, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। सुभासपा प्रवक्ता अरुण राजभर ने कहा कि स्व.हरिपूजन सिंह एक कुशल शिक्षक होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रखर विचारक भी थे। उन्होंने अपने जीवन में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक मूल्यों को विशेष महत्व दिया। प्रधानाचार्य के रूप में उन्होंने लंबे समय तक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और अपने व्यवहार एवं विचारों से समाज में अलग पहचान बनाई। उनका स्नेह, आदर्श और मार्गदर्शन सदैव लोगों को प्रेरणा देता रहेगा। अंत में आयोजक शिवपूजन सिंह एवं अभिषेक कुमार सिंह बाबी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अमित कुमार सिंह, डॉ. आशीष सिंह, डॉ. अवनीश कुमार सिंह, शाश्वत सिंह, ओजस्वत सिंह, रमाकांत मिश्रा, प्रेम प्रकाश राय, कृष्णपाल सिंह, अखंड सिंह, नरेंद्र उपाध्याय पिंकु सिंह, फौजदार सिंह, हरीश तिवारी, डब्लू सिंह, रामनारायण आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे