फरिहा के ऐतिहासिक मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

शेयर करे

फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के फरिहा में ऐतिहासिक मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूरा क्षेत्र मां अंबे के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मेले के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की भव्य रथ पर सजी झांकी निकाली गई। झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इसके बाद रावण के पुतले का दहन किया गया, जिससे लोगों को असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। मेले में पांच अलग-अलग पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं, जहां दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
मेले में बच्चों, युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लगी दुकानों पर लोगों ने जलेबी, चाट, बर्गर, चाऊमीन सहित विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। खासकर गुरहिया जलेबी की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी। बच्चों ने झूलों पर जमकर मस्ती की और मेले का आनंद उठाया।
वहीं, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। निजामाबाद थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पांच थानों की पुलिस फोर्स, डेढ़ सेक्शन पीएसी बल और फायर ब्रिगेड की टीम तैनात की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था में महिला कांस्टेबलों की भी ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *