फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रबी की बुवाई का समय नजदीक आते ही राजकीय कृषि बीज भंडार फूलपुर पर गेहूं और सरसों का बीज लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही छोटे-बड़े किसान बीज प्राप्त करने के लिए केंद्र पर पहुंच रहे हैं। पंजीकरण कराने और ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगाने के लिए किसानों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। अपनी बारी आने के इंतजार में किसान घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं।
किसानों का कहना है कि सरकारी बीज भंडार पर अनुदानित दर पर बीज मिल रहा है, लेकिन यदि समय रहते बीज नहीं मिला और स्टॉक समाप्त हो गया तो अगली खेप कब आएगी, इसकी कोई जानकारी नहीं है। ऐसी स्थिति में उन्हें बाजार से महंगे दाम पर बीज खरीदना पड़ेगा और सरकारी अनुदान का लाभ भी नहीं मिल सकेगा। इसी आशंका के चलते किसान सुबह करीब दस बजे से शाम पांच बजे तक बीज भंडार पर डटे रह रहे हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त करने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय