महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्म होता नजर आ रहा है। मौजूदा विधायक नफीस अहमद को लेकर क्षेत्र में नाराजगी की चर्चाएं तेज हैं। मीडिया-सर्वे के आधार पर स्थानीय लोगों की प्रतिक्रियाओं के हवाले से जनता के एक वर्ग ने विधायक की कार्यशैली, क्षेत्र में सक्रियता और विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए हैं। सबसे अहम बात यह है कि नाराजगी की चर्चाएं केवल आम मतदाताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कुछ सपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच भी प्रत्याशी बदलने की मांग उठने की बात सामने आ रही है।
समर्थकों के इस कथित रुख ने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा के संभावित प्रत्याशी को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है। क्षेत्र के लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा विकास और जनसुनवाई को लेकर है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि से उनकी अपेक्षा केवल चुनाव के समय संपर्क तक सीमित नहीं होती, बल्कि पूरे कार्यकाल में जनता के बीच मौजूदगी और स्थानीय समस्याओं के समाधान की होती है।
कुछ लोगों का आरोप है कि क्षेत्र की कई बुनियादी समस्याएं अब भी पूरी तरह दूर नहीं हो सकी हैं। हालांकि, इन आरोपों और सर्वे में सामने आए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। गोपालपुर में सपा के भीतर से प्रत्याशी बदलने की उठ रही कथित मांग को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि पार्टी के समर्थक वर्ग में भी असंतोष का यह रुख कायम रहता है तो 2027 के चुनाव में प्रत्याशी चयन सपा के लिए अहम चुनौती बन सकता है। जनता के बीच ‘बरसाती मेंढक’ वाले बयान को लेकर भी क्षेत्र में चर्चाएं और नाराजगी सामने आती रही है। अब विकास, जनसंपर्क और नेतृत्व जैसे मुद्दों के साथ यह मामला भी राजनीतिक बहस का हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है।
गोपालपुर में अभी विधानसभा चुनाव में समय बाकी है, लेकिन मौजूदा विधायक को लेकर उठ रही आवाजों ने राजनीतिक हलकों में चर्चा जरूर बढ़ा दी है। सवाल यह है कि क्या यह नाराजगी चुनाव तक कायम रहेगी या आने वाले समय में समीकरण बदलेंगे? फिलहाल गोपालपुर की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सपा मौजूदा विधायक नफीस अहमद पर फिर भरोसा जताएगी या जनता और कार्यकर्ताओं के कथित असंतोष को देखते हुए नए चेहरे पर दांव लगाएगी?
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र