लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन अयोध्या के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय रक्तदान शिविर एवं तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मान समारोह में आजमगढ़ मंडल संयोजक के रूप में लालगंज तहसील क्षेत्र के चिउटहरा निवासी जीवन उजाला समिति के अध्यक्ष डा. राजेश यादव ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना, जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए समाज को प्रेरित करना तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों को सम्मानित करना रहा।
इसी क्रम में आजमगढ़ मंडल में सामाजिक सेवा एवं रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले डा. राजेश यादव को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। सूचना मिलने मिलने पर क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है।
डा. राजेश यादव ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने समाज के युवाओं एवं आमजन से नियमित रूप से रक्तदान करने और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य से जुड़ने का आह्वान किया। स्थानीय लोगों एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद