लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के सिधौना बाजार में शनिवार की रात करीब साढ़े 11 बजे शिव मंदिर के सामने खंभे में लगा बिजली का तार अचानक धू-धू कर जलने लगा। सड़क के ऊपर और आसपास बिजली के तारों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तार टूटकर सड़क पर गिरने की स्थिति में राहगीरों और आसपास के लोगों के लिए बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही रात्रि गश्त कर रहे दीवान पवन कुमार सिंह ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए लालगंज के जेई अजीत श्रीवास्तव को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई। समय रहते विद्युत आपूर्ति बाधित किए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
इस दौरान दीवान पवन कुमार सिंह के साथ रात्रि गश्त पर मौजूद तीन होमगार्डों तथा मौके पर उपस्थित स्थानीय लोगों ने भी स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण सहयोग किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को जले हुए बिजली के तार से दूर रहने की सलाह दी और बिजली आपूर्ति बंद होने तक मौके पर सतर्कता बरती।
बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद भी सड़क पर पड़ा तार राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ था। इसकी सूचना बिजली विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही लाइनमैन मन्ना रात में ही मौके पर पहुंचे और सड़क पर पड़े बिजली के तार को हटाया। तार हटाए जाने के बाद सड़क पर आवागमन सुचारु हो सका और राहगीरों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त के दौरान तत्काल कार्रवाई करने वाले लालगंज जेई अजीत श्रीवास्तव, दीवान पवन कुमार सिंह, लाइनमैन मन्ना तथा तीनों होमगार्डों की सराहना की। लोगों ने बिजली विभाग के जेई अजीत श्रीवास्तव, लाइनमैन मन्ना और प्रकाश द्वारा रात में ही विद्युत समस्या का समाधान किए जाने पर संतोष जताया।
इस अवसर पर राम प्रसाद मिश्रा, प्रतीक सिंह, मोनू, अनिल यादव, छोटे यादव, महेश मिश्रा, वीरेंद्र यादव, प्रदीप गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, सूरज चौहान आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद